Search..

सोमवार, 3 जुलाई 2023

आसमां में क्या ढूंढ रहे हो

यूं आधी रात को
छत पर अकेले 
आसमां में क्या ढूंढ रहे हो

कुछ खो गया है ? 
स्याह रात के काले अंधेरे में !! 

ओह, कहीं वो तुम ही तो नहीं
नहीं तुम कैसे हो सकते हो
तुम तो यहीं हो 
यहीं हो न वैसे सच में ?

फिर वो शख्स कहां गया
जो लंबे सफ़र पर 
खुद की मर्ज़ी से ही निकला
पर बीच रास्ते में कहीं रुक गया
ना आगे जा पा रहा
ना पीछे उल्टे कदम ले पा रहा

जो दिन की चौंधियाती रोशनी में तो
क्या गज़ब मुस्करा रहा है
रात के अंधेरे में घबरा रहा है
गला सूख गया है
आंखों में बैचेनी सी है
जोर से रोना आ भी रहा है
पर आंसु रास्ता नही दे रहे

जुगनू साथ जाग रहे है तुम्हारे
पर फिर भी अकेलापन
बगल में पसरा पड़ा है तुम्हारे
खाए जा रहा है
बस अन्दर ही अन्दर
खाएं ही जा रहा है

सुनो ! रुक जाओ ना
सही गलत का फैसला 
सुबह का सूरज
या 
रात का चांद 
थोड़े ना करता है 

ना ये करता है 
ना वो करता है 
ये तुम करते हो
हां तुम ! जो खो गए हो
तुम! जो अब भारी हो रहे हो
तुम! जो अपनी दुखती रग 
खुद ही दबा रहे हो
तुम! जिसके कंधे 
जिम्मेदारियों के तले
झुक गए है 
पर 
तुम ! वही तुम
जिसने पहला कदम बढ़ाया था
इस सफर में एक आस लेकर

तुम! वही तुम
जिसने वादा किया था खुद से 
कि पलट कर पीछे नहीं देखेंगे
अब जब सफ़र चुन ही लिया है 
तो आगे बढ़ते है ना !! 

रात कोई सयानी अपने 
काजल से ढक लेगी तुम्हे
तुम भी ढल जाओ ना
सोच-सोच कर रात जाया मत करो
गहरी नींद सो जाओ ना 

सुबह रोशनी की किरण आयेगी
तुम वक्त की लगाम छोड़ दो ना
रोशनी हर बार चमकता पल
तोहफे में देगी तुम्हे
मुस्कुराओ !!! 
आओ, गहरी नींद सो जाओ ना .


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Hearitly Invited your Lovely Feedback !