सुबह-सुबह की गर्मागर्म उफनती चाय
और अदरक कूटने की आवाज
रोशनी होने से पहले
रेंगती गाड़ियों के कम शोर में
ज़रा हौले से दस्तक देते हैं
उम्र गुजर गई चच्चा की इन गलियों में
सालों से यही चाय बनाया करते हैं
मस्तमोले चच्चा माना
अब जरा कम बोला करते हैं
शायद हालातों की भट्टी में खूब सिके है
बस हाथों से चाय थमाकर
सहज सी मुस्कान होंठो पर रख
सिरहाने गुजर जाया करते हैं
अरसे पहले जब आए थे इस नए शहर
तो सपनों का बोझा कंधे पर लिए
बड़ी अदब से रहे है
पर अब माथे की संकरी सलवटे
उम्र की संख्या बताने की
बेतोड़ कोशिश कर रहे है
चाय में कोई बहुत खास स्वाद नहीं है
कहने पर भी हर बार
थोड़ी मीठी कर ही देते हैं
पूछते हैं कभी-कभी
चच्चा बालों में मेहंदी क्यों नहीं लगाते
घुमा फिरा के हर बार
बस छिछली हंसी हंस दिया करते हैं
सबको चाय देकर लकड़ी की कुर्सी से
ज़रा सहारा लेकर बैठ जाते है
माचिस घिसी, बीड़ी जली
और भागती-दौड़ती गाड़ियां देखकर
धुंआ फूंकते हुए मानो
किसी शून्य में खो जाते है
मिलने का मन बने
चांदपोल के पास आना कभी
ये यहीं कहीं दिख जाएंगे
चच्चा की थड़ी का कोई वैसे नाम नहीं
बस चच्चा नाम से ही
सब पहचान लिया करते है
चाय देते हुए अक्सर
चच्चा बताते हैं कि दुनिया पिंजरा है
और हम सब रट्टू तोते
उड़ने की लाख कोशिश करो
सब यहीं फंसे रह जाते हैं
एक दफा हाथों पर नजर पड़ी
हथेली पर कुछ जले हुए निशान है
अक्सर अकेले होते हैं सुबह-सुबह
तो चच्चा से पुराने किससे पूछ लेते हैं
वो बताना शुरू कर देते हैं
अपने लड़कपन की कहानियां
कभी-कभी तो वैसे सच कहे
ज्यादा ही फेंक देते है
पर जैसी भी हो
बीच-बीच में भड़ास निकालते हुए
जो होंठो पर गालियां देते है
हम उन पर ठहाका लगा देते है
मैं मानता हूं
हजारों कहानियां-किरदार-किस्से
चाय पर ही शुरू होते हैं
स्टार्ट अप हो या धंधे की मीटिंग
पहले प्यार की कशिश हो या
दोस्तों की देर रात चलने वाली गुटरगूंं
सब आगाज़ चाय पर ही बयां होते है
उनके बूढ़े होते हुए हाथ
भारी होते हुए पलके
उनकी थकान का पता देते है
कोई बेटा नहीं उनका
इसलिए ना उम्मीद, ना कोई आशा
अकेले खिलखिला दिया करते हैं
दो ही शर्ट में दिखते है हमेशा
चेकरवाली हरी और
एक आसमानी प्लेन
बूढ़ी पथराई आंखें
ख्वाबों से खाली लगती है
सहारा ना मिला बेदर्दी में
इसलिए लगता है
ज़िंदगी से जिन्दगी का जवाब मांगती है
ऐसी कुछ कहानियां किस्से
हर थड़ी पर होना जायज़ है
चच्चा चाय पिलाते हुए
देश भर की बाते सुनते हैं
बात राजनीति की हो चाहे
घर गृहस्थी के मनमुटाव की
बस मुस्कुरा कर हंस दिया करते है
हमसे तिगुनी उम्र होगी उनकी
पर कभी थकते नहीं देखा
हम जो जिंदगी को कभी बेवफा
तो कभी अंग्रेजी में
अनफेयर कह दिया करते हैं
उन्हें तो इनका मतलब तक नहीं मालूम
वो अपनी राग में मस्त रहा करते हैं
बताया था एक शाम उन्होंने
कोई रिश्तेदार/परिवार नहीं है
उनके इस अंजान शहर में
पर फिर भी ताउम्र यही रहना चाहते हैं
कई दफा ये देखकर सोचता हूं
शायद खोए वो नहीं है
इस जमाने की रंगत में
खो तो हम रहे है ये मासूम सी जिंदगी
जिसे हमारी समझदारी के आयाम
उन्नति-विकास के नाम पर खा जाते है
कहानियां भरी पड़ी है दोस्त
हमारे चारों ओर इन खाली सड़कों पर
नाउम्मीदी हो चेहरे पर
तो भले कुछ ना दिखे
पर यार हंसो ! हंसाओ !!
और अब जो आज मन करे
तो शाम को फुर्सत से
जरा ऑफिस/ कॉलेज के
पास वाली थड़ी पर जाना
बैठना किसी और चच्चा के पास
और तबीयत से किसी के
कंधे पर हाथ रखकर पूछना
"चच्चा! सब ठीक है?"
✍️ शायराना जय