Search..

मंगलवार, 18 जनवरी 2022

हुआ यूं था : पुस्तक समीक्षा

किताबें आपको एक जिंदगी में ही कई जिंदगी जीने के मौके देती है बशर्ते आप उन्हे समय देकर उनके किरदार में चंद घंटो के लिए ही सही , पर उतरकर देखे।


बहरलाल कवि "सुनील जी लोहमरोड़" की दुसरी किताब है "हुआ यूं था" जिसे पढ़ने के लिए ये वजह नही चाहिए कि आप दर्शन पढ़ना चाहते हो या साहित्य । बतौर मध्यवर्गीय युवक आपकी जिंदगी में मुकाम पाने से पहले आप बहुत से ऐसे चरण से गुजरते हैं जो आपको सिस्टम का हिस्सा बनाती है। आम लोग कहीं न कहीं जल्दी शिकार हो जाते है पर इस युवा कवि ने सहजता से दुत्कार दिया है हमारे समाज के खोखले सिस्टम का हिस्सा होने से! 


राजनीति और सियासत पर लिखी इनकी रचनाएं "तुम्हारी सोच पर ताला" और "ताले" जैसे  कविताएं सीधे तंज तो कसती ही है , पर साथ ही जनता की दकियानूसी सोच पर भी व्यंग्य करती है। अपना आक्रोश जताने के लिए इन्होंने पारंपरिक गलत तरीकों यथा पटरियां उखाड़ने और दंगे कर अपनी बात रखने को साफ नकारते हुए कविता "अपनी बात कहनी है मुझे" में सरल बिंबो का इस्तेमाल किया है , जो आखिर तक जाते-जाते बगावत का इशारा छेड़ देती है कि;

संसद तेरी पुश्तैनी जागीर नहीं है
लेकिन खेत मेरा पुश्तैनी जागीर है 
तू संसद से निकला तो कहीं का नहीं रहेगा 
मैं तो फिर भी खेत में ही मिलूंगा ।

अस्त-व्यस्त दिनचर्या और बहुत से जरूरी मुद्दों पर गहराई से बात करने के साथ प्रेम पक्ष पर भी कवि ने मौजूदगी दर्ज की है। कुछ कविताऐं "पानी की टोकणी" और "प्रेम जरूरी है" जैसी कविताएं बड़ी मासूमियत से दिल में घर कर जाती है। जैसे-जैसे आप किताब में आगे बढ़ेंगे , ये आपके दिल में सवाल खड़े करती जाएगी और आप एक जुड़ाव महसूस करने लगेंगे कवि से। ये आत्मीयता जीवन जीने के सलीके, अपनी खुल के बात रखने और हक की चीज पर भी आत्मीयता के साथ विचार रखने से आपको अचंभित तो करती ही है , साथ ही दो पल ठहर कर सोचने को मजबूर कर देती है। "शादी के बाद का घर" जैसे कविता तो गांव हो या शहर , हर शख्स खुद से जोड़कर महसूस कर लेता है। 


पुरानी हवेलियों के जर्जर हालात का मानवीकरण कर साहित्य की दृष्टि से उत्कृष्ठ प्रदर्शन और व्यक्तिगत विषय पर भी कुछ कविताओं में तलवार की नहीं कलम की धार चलाकर कटाक्ष करना सुनील जी की लेखन प्रवृत्ति को नायाब साबित करता है। बेशक शुरू में कुछ कविताएं ज़रा सी हल्की मालूम होती है पर उनमें भी विषय विशेष पर ध्यान दिया जाए तो लिखना मुकम्मल मान सकते है।


कवि का बड़ी बेबाकी से अपनी बात रखना और समाज में रहते हुए भी समाज का सापेक्ष हिस्सा न होकर पानी में तेल की बूंद की तरह रहने जैसा है । लेखन के साथ व्यक्तिगत स्तर पर भी बड़े भ्राता श्री सुनील जी रूबरू हुए है, तो उनकी सादगी और सामाजिक सरोकार में अहम भूमिका मजबूत व्यक्तित्व दर्शाती है। आपका नवलेखकों और कवियों के लिए स्वयं प्रकाशन हाऊस खोलकर "महाप्राण प्रकाशन हाउस" से पहल करना भी काबिल-ए-तारीफ़ है। आपको किताब की ढेरो-ढेरो शुभकामनाएं ।


〰️〰️〰️〰️〰️〰️
✍️ शायराना जय
〰️〰️〰️〰️〰️〰️

#bookreview 
#huayuntha 
#bookstagram