Search..

गुरुवार, 28 सितंबर 2023

Dear LETTERBOX

*Dear Letterbox !

तुम वहीं हो न, जिसकी पापा ने बचपन से बहुत हाइप बना रखी थी! यहां वहां के ज़माने भर की यादें बटोरना, हफ्ते हफ्ते भर लंबा इंतजार और न जाने क्या-क्या ? 

मम्मा से शादी के लिए पापा की पहली तस्वीर भी तुम्ही ने जयपुर भेजी थी ना, फिर सगाई से शादी के बीच कुछ गिने चुने खत यहां वहां होते रहे! न जानें कितनी यादों ने अलमारी में पनाह ली ! और तो और मेरा भोपाल से जॉब का पहला रिजेक्शन तुम्हीं लाएं और कुछ वक्त की उदासी भी! बड़े भाई पंकज की पहली सरकारी नौकरी तुम्हारे सरकारी तहखाने जैसे दफ़्तर डाकघर में लगी और उसमे भी फिर लंबी चर्चा के बाद हमने तुमसे मुंह फेर लिया!! 

कुछ भी कहो हमारे इस बेवजह की भागदौड़ के जमाने में जहां सब कुछ फटाफट चाहिए लोगो को, वहां तुम धीरे-धीरे अच्छी याद जैसी बनके रह गए हो । सिर्फ रक्षाबंधन पर मान लो या कुछ रीति रिवाज़ में ; लगता है कि हां कुछ यादें चावल और राखियों के साथ खत भेजने का जिम्मा आज भी तुम्हारा ही है! अब या तो तुम बैंक के कागजात लाने भर जितने रह गए हो या ज्यादा से ज्यादा सरकारी काम काज के! माना कि तुम अब ठंडे पड़ चुके BSNL की तरह काफी शांत हो गए हो, शायद अच्छे बुरे से दूर ; लोगों की पुरानी यादों की महक को समेट कर खुद में ही धीरे-धीरे शायद लुप्त होते जा रहे हो। पर शायद कई बूढ़ी पथराती आंखे विडियो कॉल के मुकाबले आज भी तुम्हारी ही कहानियां सुनाती है।

वैसे फिक्र मत करना तुम्हारी जिम्मेदारियां ईमेल, व्हाट्सअप और कुछ  तकनीक ने भुनाकर भले ले लिया हो पर जो तुम अपने जमाने में जमाने भर की यादें लेकर आते थे, उस खत को पढ़ने का अपना ही चाव था!! जिसको नहीं भी लिखना आता,बस चवन्नी अठन्नी पैसे देकर किसी अपने से लिखवाते और अपना गुजारा कर लेते थे! सच मानो चैटिंग वाले जमाने में हम 10वीं 12वीं के बाद भी काफ़ी खत लिखकर भेजना पसंद करते थे, मेरे बहुत सारे स्टूडेंट जानते हैं मैंने उनको इस उम्र में भी ब्लैक एंड व्हाइट ज़माने जैसे खत भेजे हैं। अच्छा लगता है क्योंकि लोग मैसेज नहीं संभाल पाते स्क्रीनशॉट में लेकिन खत किसी न किसी अलमारी में आज भी मिल ही जाते है। सुनो! सच यहीं है कि रस्ते में जब कभी गुजरते हुए तुम्हे देखते है, ठहर जाते है मानो तुम भी इंतज़ार कर रहे हो किसी अपने के खत का...

तुम्हारे उन्हीं किशन बाबू जी का लड़का,
जय बाबू