Search..

गुरुवार, 26 जनवरी 2023

इश्क़ की पैरवी

तुम्हे समझा समझा कर 
हर दफा खुद से बतलाकर 
इश्क़ की पैरवी करते हुए
खुद से बगावत कर बैठता है।

ये मन ये दिल ये जज़्बात
कितनी भी समझाइश करू इनसे
तुम्हें लेकर क्यों हर बार अटकता है

तुम बढ़ो न बढ़ो आगे
साथ थम जाया करो
गिने-चुने पल मिले हमारे रिश्ते को
कतरा कतरा रिसता है
समझाइश के चक्कर में
बेतरतीब दिनों का सिलसिला
मुट्ठी से बालू मिट्टी सा सरकता है 

सुनो!! 
प्यार करते है तुमसे
इसलिए मन रिश्ता सींचना चाहता है
खोना और खतम करना 
तो चुटकी में हो सकता है
'ताउम्र जीना चाहते है साथ'
इसलिए हर बार 
तुम्हारी हां की राह तकता है

समझदारी का तमगा नहीं 
दिल से जुड़ा रिश्ता चाहिए बस
तुम एक कदम बढ़ाओ तो सही
पूरा सफ़र साथ तय किया जा सकता है


गहरे पानी का ठहराव

जाने गहरा पानी कैसे किसी को
अपने पास खींच लेता है
हमे तो बस एक ठहराव दिखा 
जिससे ताउम्र भागते रहे हम

जानें किसी को यादों से निकलने में
जल्दी कैसे सहूलियत मिल जाती है
हमे तो अरसा बीत गया कचोटते हुए
जिसमें बेमतलब खोए रहे हम

जानें कैसे कोई लिखकर
आसानी से उलझने बयां कर देता है
हमे तो लाख मिन्नते करनी पड़ी
जिसकी जद्दोजहद में अभी भी तरस रहे हम 

जानें कैसे कोई रो देता है
और आसानी से हल्का हो जाता है
हमारी तो हिम्मत ना हो सब सहते हुए
जो नम आंखो में उम्मीद ढूंढ रहे हम

*जानें कैसे किसी को पानी बहुत पसंद है...


मैं क्षितिज तू आसमां मेरा

मेरे हमसफर
तुम भी खोजो
उस आसमां को
जहाँ अस्तित्व है तुम्हारा 
मैं भी खोजूं
उस जमीं को
जहाँ वजूद है मेरा
जुदा होकर भी
जहाँ मिलो, जब मिलो
मिलो ऐसे कि न कोई
शिकवा-शिकायत हो।

मिलो ऐसे कि
जुदाई में भी मिलने की आस हो
रूबरू रहे इस कदर कि 
अनुपम सुख का अहसास हो 

जिसके सहारे मैं खोज सकूं
अपनी खुद की एक अनंत राह 
जीने में भर सकूं पूरी जां 
बन सकी तो बनो ऐसा
जो हो अटल आत्मविश्वास मेरा
जिसे अपना कह सकूं
वो क्षितिज मेरा!


शनिवार, 7 जनवरी 2023

We Only Live Once

बेशक किताब के साधारण से नाम को देखकर एक बार हमारा जजमेंटल दिमाग भले सोच सकता है कि कोई आम सी कहानी होगी और क्या !! 

जबकि कहानी किसी शहर या देश के मुद्दे से ऊपर उठकर कला को निखारने के साथ ख्वाहिशों की दौड़ में उलझकर धीरे-धीरे सुलझने की है। भारत की सबसे खुबसूरत जगहों में से एक गोवा : नीले ख्वाबों का शहर! दो जवां धड़कते दिलो की कहानी, जो अपनी जिंदगी के अलग-अलग डार्क फेज से निकलकर गोवा के मशहूर रिकी बीच पर आ मिले, संजोग ऐसा बैठा की मस्ती-मस्ती में शुरू किया हुआ उनका काम उन्हे अपने जीने के मकसद की ओर खींचता चला गया, अब दोनों ही अपनी पुरानी जिंदगी में लौटने को तैयार नहीं थे। आज के समय की ही ताजा कहानी में सोशल मीडिया की चकाचोंध से परे खुद के लिए अलग दुनियां बनाना हमे एक बार के लिए ठहरने को कहता है।

ख्वाहिशों की कश्मकश में एक ने हमेशा के लिए अपनी जॉब छोड़ दी तो दूसरे ने अपना घर, किताब का सबसे रुचिकर हिस्सा वो रहा जो इन दोनों के बीच की जो डीप कन्वर्सेशन हुई , वह सच में हमें खुद से सवाल पूछने को मजबूर कर देती है कि क्या हम जिंदगी को सही मायने में अभी भी समझ पाए हैं या बस ऊपर ऊपर से ही जी रहे हैं। तो नए साल की पहले महीने में हमारी ओर से ये किताब आप सबके लिए Recommendation List में सबसे उपर रहेगी. करीबन 240 पन्नो की इस किताब में लेखिका ने जो जिन्दगी का दृश्य बयान किया है , इस तरह हमे प्रभावित कर देता है कि एक बार हम अपनी जिन्दगी के आइने में झांकने को मजबूर हो ही जाते है। खैर! आगे की कहानी आप खुद पढ़िए ; सभी को नया साल नई ख्वाहिशों की तलब के साथ मुबारक...

REVIEW : @shayrana_jai
ISBN : 9789-3909-14227

#bookreview2023 
#newyearresolution