Search..

बुधवार, 23 अप्रैल 2025

यार कश्मीर को आजाद ही रहने दो

शीर्षक पढ़कर शायद लगे कि मैं कश्मीर से जुड़े राजनीतिक नारों की बात कर रहा हूं... कतई नहीं !! हाल ही में जो वाकया हुआ कश्मीर में आतंकियों की वजह से, सुनकर दिल बैठ गया। वहां आप या मै हो सकते थे, बिल्कुल उन्हीं घुमक्कड़ लोगों की तरह जहां हम बस बैग उठाएं चल दिया करते है अपनी आजाद सोच लेकर, ज़िंदगी के ब्रेक को जीने के लिए ... आह! सोच कर देखो, उस उन्मुक्त जगह ने सबको ज़िंदगी में कभी न कभी बस्ता थामे आज़ाद महसूस करवाया होगा पर अचानक जो ये सब हुआ, क्या बर्दाश्त करने लायक है ? 



जहां खुली सांस लेने आते है

दूर दराज से अनगिनत लोग

उसे तो आज़ाद रहने दो यार ! 


जहां दम तोड़ती सांसों का धर्म पूछकर 

बेबात मार दिए जाते है लोग

उसे तो आज़ाद रहने दो यार !


बर्फीली वादियों से ढके कश्मीर को जितना मैने अपनी आधी पौन ज़िंदगी में जीया है, वो मानव कौल की वजह से जीया है। मेरे पसंदीदा लेखक; जिनकी किताबों में अक्सर खूबसूरत कश्मीर का जिक्र पढ़ा है! हां कभी कभी उसमें दर्द होता है तो कभी कभी वहां अपना घर होकर भी ना होने की कसक! 


पर ये अब क्या वजह दे रहे हो

याद रखने की ? आतंकवाद ????


बचपन में ही कश्मीर से अपना घर जल जाने के बाद मानव सर आज भी ताउम्र अलग अलग शहरों-गांवों में घुमक्कड़ी करते हुए खुली जिदंगी जी रहे है। उन्हीं के ख्वाबों को हम जवानी से जीते आ रहे है यार ... 


यकीं मानो बस्ता उठाएं मै भी जब-जब कश्मीर गया हूं तो शायद उसी खूबसूरती को किताबों की महक से महसूस किया है और ठहराव जीया है ... धीमी जिदंगी को करीब से देखा है ... कैमरों में कैद करने की नाकाम कोशिश मैने भी की है हर उस मेहमान की तरह, जिसने कभी भी कश्मीर घूमने का मन बनाया है। पर आज़ाद सोच के इस आजाद शहर को क्यों टारगेट किया जा रहा है ? और वो भी धर्म के नाम पर ! सच में ??? 


सिर्फ सोच कर देखो ; किसी रोज़ अपने आप अपनी आपाधापी की ज़िंदगी से ब्रेक लेने के लिए कश्मीर की वादियों में जाते हो, और जिस खूबसूरती की उम्मीद में आप वहां कदम रखते हो, आपको आपका धर्म पूछकर मार दिया जाता है। एक ऐसा ब्रेक—जो हमेशा के लिए खत्म हो गया है।


उसके पीछे का परिवार? जिनके भी जाने कितने सपने रहे होंगे... वो कपल, जो शायद प्रेम में अपने दोस्तों को बिना बताए अपने प्यार को जीने गया होगा... वे दोस्त, जिन्होंने बिना परिवार को बताए छोटी-मोटी ट्रिप प्लान की होगी !!


उन सब का क्या?

और एक बार के लिए, देश की बाकी समस्याओं की तरह इस समस्या को भी गौण मानकर इग्नोर कर भी दिया जाए— तो उनके पीछे आने वाले बच्चों का क्या, जो ‘ब्रेक’ के नाम पर कश्मीर-हिमाचल जैसी वीडियो में खुली ज़िंदगी जीने आते हैं??


क्या यहां एक बड़ा सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए? धर्म के नाम पर पहले से ही इतनी जातियों को लड़ते हुए देख लिया, अब लोग इस स्तर तक गिर गए हैं कि जाति विशेष के नाम पर मार रहे है।


वो लोग जो आवाज़ नहीं उठा रहे,

याद रखो ये मरने वाले लोग आपके और हमारे जैसे ही थे...

धर्म के नाम पर ये घटिया सोच—

मैं बायस होकर या सर्कुलर मानसिकता को

नज़रअंदाज़ करते हुए नहीं कहूंगा,

पर एक मुसाफ़िर होने के नाते ज़रूर कहूंगा...


सवाल उठना चाहिए!

इस पर बात होनी चाहिए!

आवाज़ उठनी चाहिए !!


✍️ : जय वाधवानी