कभी हवा को फुसफुसाते हुए देखा है? आज मौसम का मिज़ाज थोड़ा खुशमिज़ाज था तो हवा महल की जालीदार खिड़कियों से ठंडी-ठंडी हवा आ रही थी, मानो शहर के सैकड़ों साल पुराने राज़ फुसफुसा रही हो।
गुलाबी शहर के नाम से मशहूर जयपुर की सुबह धीरे-धीरे अपने रंग बिखेर रही थी, जैसे कोई पुराना चित्रकार कैनवास पर गुलाबी रंग की परतें चढ़ा रहा हो। जोहरी बाज़ार की तंग गलियाँ धूप की नरम चादर में लिपटी थीं, और गलियों में रिक्शों की घंटियाँ, ठेले वालों की पुकार, और चाय की दुकानों से उठता भाप का गुबार— सब मिलकर जयपुर को एक जीवंत तस्वीर बना रहे थे।
इन गलियों से थोड़ा हटकर, हुजूर कैफे की खुली खिड़की के पास, एक मेज पर समीर बैठा था। उसकी डेनिम स्काई ब्लू शर्ट धूप में हल्की-सी चमक रही थी, और व्हाइट स्ट्रेट-फिट जींस उसकी बेफिक्री को दिखा रही थी। वह अपने फोन में खोया हुआ था, बीच-बीच में कॉफी का घूँट लेते हुए, जैसे दुनिया की हलचल से उसे कोई मतलब ही न हो। लेकिन रुको ! हमारी कहानी का हीरो ये नहीं, हमारी कहानी का असल कहानी का हीरो तो खड़ा था काउंटर के पीछे—आर्यन।आर्यन, अपने काले एप्रन में, जो थोड़ा ढीला लटक रहा था, कॉफी बींस को मशीन में डाल रहा था। उसकी क्रीम रंग की लिनन शर्ट की आस्तीनें हल्के से मोड़ी हुई थीं, जैसे वह जयपुर की गर्मी को अपने अंदाज़ में गले लगाने का आदी हो। उसकी उंगलियाँ मशीन पर नाच रही थीं, लेकिन उसकी आँखों में एक थकान थी—जैसे कोई सपना जो सालों से अधूरा पड़ा हो, फिर भी उसे छोड़ने का मन न हो। चेहरे पर फीकी सी मुस्कान थी। कॉफी मशीन का शोर उसकी दुनिया का बैकग्राउंड म्यूज़िक था, और जाने क्यों वह उसमें खोया हुआ सा था
“अरे ब्रो! कब से आवाज़ दे रहा हूँ यार!”
समीर की आवाज़ ने अचानक उसकी तंद्रा तोड़ी।
आर्यन ने चौंककर उसकी ओर देखा, फिर हल्के से हँसा।
“आह! सॉरी सॉरी, सर। क्या हुआ?”
उसकी आवाज़ में एक गर्मजोशी थी, जो कैफे के माहौल को और नरम कर रही थी।
“बस, गाने थोड़े रेट्रो थीम वाले चला दो ना, यार,” समीर ने कहा,
अपने फोन से नज़रें हटाए बिना।
“हाँ, ज़रूर सर,” आर्यन ने जवाब दिया, और उसने काउंटर के पीछे रखे छोटे से ब्लूटूथ स्पीकर की ओर कदम बढ़ाए। उसने एक पुराना बॉलीवुड गाना चुना—‘ये रातें, ये मौसम, नदी का किनारा’—जो कैफे की दीवारों पर लगे जयपुरी ब्लॉक प्रिंट के पर्दों के साथ एक अजीब-सी तालमेल बिठा रहा था। गाना शुरू होते ही कैफे में बैठे कुछ लोग मुस्कुराए, जैसे उनकी पुरानी यादें हल्के से जाग उठी हों।
आर्यन वापस काउंटर पर लौटा, और उसकी नज़रें कैफे की खुली खिड़की की ओर चली गईं। बाहर, जोहरी बाज़ार की गलियाँ सुबह की हलचल में डूब रही थीं। आर्यन ने एक गहरी साँस ली, जैसे वह इस शहर की हवा को अपने अंदर समेटना चाहता हो। उसकी उंगलियाँ अब कॉफी मशीन पर नहीं, बल्कि काउंटर पर रखे एक पुराने नोटपैड पर टहल रही थीं, जिसमें वह कभी-कभार कुछ लिखा करता था—पता नहीं क्या !!
“क्या बात है, भाई? आज कुछ ज़्यादा ही खोया हुआ है,”
समीर ने फिर से आवाज़ लगाई, इस बार थोड़ा मज़ाकिया अंदाज़ में।
आर्यन ने हल्के से सिर हिलाया, उसकी मुस्कान अब थोड़ी गहरी थी।
समीर ने हँसकर अपना फोन उठाया और वापस अपनी दुनिया में खो गया।
कैफे की दीवारों पर लगे पुराने फोटोग्राफ्स—हवा महल की जालियों, आमेर किले की सीढ़ियों, और गलता मंदिर के बंदरों की तस्वीरें—इस पल को और गहरा रहे थे। आर्यन ने एक मग उठाया और उसे साफ करने लगा, लेकिन उसका दिमाग कहीं और था।
तभी दरवाज़े की घंटी बजी। कैफे में एक नई हलचल हुई, एक लड़की अंदर दाखिल हुई थी। वह कोई पारंपरिक साड़ी या चमकदार लहंगा नहीं पहने थी, जैसा कि जयपुर की गलियों में अक्सर दिखता है। उसने एक ओवरसाइज़ ग्रे टी-शर्ट पहनी थी, जिसके किनारे हल्के से फटे हुए थे, उसकी काली रिप्ड जींस पर धूल की हल्की-सी परत थी मानो भीड़ से बचती बचाती आयी हो। उसके कंधे पर एक पुराना लेदर बैकपैक लटक रहा था और कलाई पर चमड़े का ब्रेसलेट हल्के से हिल रहा था।
“यहाँ कॉफी कैसी है?” पूछते हुए वह काउंटर की ओर बढ़ी, लेकिन उसकी चाल में कोई जल्दी नहीं थी। उसकी आँखें कैफे को स्कैन कर रही थीं, जैसे वह केवल जगह को नहीं, बल्कि उसकी कहानियों को पढ़ रही हो। उसकी आवाज़ में एक ठहराव था, जैसे वह कॉफी से ज़्यादा कुछ और तलाश रही हो।
आर्यन ने मग नीचे रखा, और उसकी होंठों पर एक फीकी-सी मुस्कान उभरी। “कॉफी? "अगर मूड अच्छा हो मेम, तो हर कॉफी अच्छी लगती है।"
"मूड तो अच्छा है," उसने कहा, अपनी आँखों में एक शरारत के साथ, "लेकिन कॉफी का क्या भरोसा?"
आर्यन ने हल्के से हँसते हुए अपनी कुर्सी पीछे खींची, जैसे उसे बिन बुलाए मेहमान का स्वागत करना आता हो। "तो फिर आजमाकर देख लो। मैंने अभी तक इस कैफे से किसी को निराश जाते हुए नहीं देखा।"
“वैसे, मोहतरमा, आपका नाम?” उसने पूछा, उसकी आवाज़ में एक हल्का-सा फ्लर्टिंग टोन था,
वह मुस्कुराई और बोली “अनेरी,” और फिर आर्डर कर काउंटर के पास एक मेज पर बैठ गई। अपना कैमरा सावधानी से मेज पर रखते हुए। उसकी उंगलियाँ हल्के से लेंस को सहलाने लगीं, जैसे वह उसका सबसे करीबी दोस्त हो।
आर्यन ने कॉफी सर्व की, और उसकी नज़रें कैमरे पर टिक गईं। “अच्छा सुनो! इंटरेस्टिंग लगते हो,” अनेरी ने कहा, उसकी आवाज़ में एक हल्की-सी शरारत थी। “थोड़ी देर बैठ जाएँ?”
आर्यन ने हल्के से सिर हिलाया, और वह मेज के पास बैठ गया।
“कुछ भी फॉर्मेलिटी से शुरू करो, उसे से पहले खुद ही बता दूँ - कंटेंट राइटर हूँ,” अनेरी ने सब इतना फटाफट कहा कि आर्यन देखता रहा और अचानक कहा, "बहुत स्ट्रैट फॉरवर्ड हो यार ! गज़ब"
उसकी हँसी में एक हल्का-सा रहस्य था। “हाँ! घुमा कर बाते करना नहीं आता, घूमती हूँ, तस्वीरें लेती हूँ, कहानियाँ बुनती हूँ।” उसने अपने कैमरे को छुआ, जैसे वह उसका दिल हो।
“और तुम? सिर्फ़ कॉफी बनाते हो, या कुछ और भी?”
“बस, कॉफी बनाता हूँ, लोगों की बातें सुनता हूँ और..."
"और क्या ?"
"बस कभी-कभी… कुछ लिख लेता हूँ।”
उसने नोटपैड की ओर इशारा किया, जो काउंटर पर पड़ा था।
अनेरी ने उसकी ओर देखा, उसकी आँखों में एक चमक थी।
“लिखते हो? फिर तो तुम्हारी कहानी भी कुछ इंटरेस्टिंग रही होगी।”
"ये छोड़ो! जयपुर… की हर गली में एक कहानी छुपी है।”
उनकी बातचीत अब धीरे-धीरे जयपुर की गलियो को अपने अंदर समेट रही थी। बाहर, जोहरी बाज़ार की गलियाँ अब धीरे-धीरे अंधेरे में डूब रही थीं। दुकानों की लाइटें जलने लगी थीं, और चमचमाती जूलरी की दुकानों से रंग-बिरंगी रोशनी सड़क पर बिखर रही थी। कैफे के उस कोने में, एक नई कहानी की शुरुआत हो रही थी—दो अजनबियों की, जिनके सच अभी पर्दे के पीछे थे। क्या यह मुलाकात महज़ इत्तेफ़ाक थी, या जयपुर की गलियों का कोई पुराना जादू?
अगली सुबह की धूप जोहरी बाज़ार की तंग गलियों में बिखर रही थी। गलियों में रंग-बिरंगे कपड़े, चमकती जूलरी, और मसालों की तीखी महक हवा में घुल रही थी। चौड़ा रास्ता, बाज़ार का एक कोना, पुरानी किताबों की दुकानों और धूल भरी हवेलियों से भरा था। हवा में पुरानी किताबों की महक थी ।
पास ही में "चौड़ा रास्ता" पर अनेरी बाज़ार के एक कोने में एक दुकान के सामने खड़ी थी, जहां पुरानी किताबें सस्ते में खरीदी जाती है। उसकी बोहेमियन स्कर्ट पर बंधेज का पैटर्न धूप में नाच रहा था। उसकी आँखें बाज़ार की भीड़ को स्कैन कर रही थीं, जैसे वो किसी को ढूँढ रही हो।
"तुम यहाँ?" पीछे से एक जानी-पहचानी आवाज आई।
अनेरी ने पीछे मुड़कर देखा, आँखों में एक चमक।
"अरे आर्यन तुम ?"
"नाम याद रहा तुम्हे, क्या बात है!!"
आर्यन, एक साधारण सफेद कुर्ते और नीली जींस में, बाज़ार की भीड़ में किसी पुराने दोस्त की तरह खड़ा था। उसकी आँखों में वही थकी हुई चमक थी, जो कल कैफे में थी।
“ये छोड़ो!” अनेरी ने हँसते हुए कहा। “तुम यहाँ क्या कर रहे हो? किताबों के शौकीन?”
“बस, मान लो तुम्हारा पीछा कर रहा था,” आर्यन ने पलटकर जवाब दिया, और उसकी आँखों में एक शरारत चमकी।
“अच्छा जी!” अनेरी ने ‘जी’ को लंबा खींचते हुए कहा, और उसकी हँसी बाज़ार की हलचल में गूँज गई। आर्यन ने उस ‘जी’ को मन ही मन दोहराया, और उसका चेहरा हल्के से खिल उठा। “अच्छा जी!!!” उसने मन में 2-3 बार दोहराया और उसकी मुस्कान थोड़ी और चौड़ी हो गई।
दोनों साथ चलने लगे, जयपुर की गलियाँ अब उनकी बातचीत को और गहरा रही थीं।
“अच्छा ! वैसे तुम सचमुच जयपुर की गलियों को अपनी कहानियों में कैद करती हो?” आर्यन ने पूछा, जब वे एक पुरानी हवेली के सामने रुके। उसकी दीवारों पर जयपुरी नक्काशी धूप में चमक रही थी।
अनेरी ने अपने बैकपैक से एक छोटा सा कैमरा निकाला, और उसकी उंगलियाँ लेंस पर फिरने लगीं। “हाँ। लेकिन मैं सिर्फ़ तस्वीरें नहीं लेती, मैं कहानियाँ पकड़ती हूँ। हर गली, हर चेहरा, हर दीवार—इनमें एक कहानी छुपी होती है।” उसने एक पल रुककर आर्यन की ओर देखा और फिर कुछ तस्वीर खींचने में मशगूल हो गयी।
वे हवा महल की ओर बढ़े, जहाँ गुलाबी पत्थरों की दीवारें धूप में चमक रही थीं। फिर गलता गेट की ओर, जहाँ बंदरों की चहल-पहल और मंदिर की घंटियों की आवाज़ हवा में गूँज रही थी। रास्ते में एक चाय की दुकान पर रुककर, उन्होंने कटिंग चाय के छोटे ग्लासों में गर्मागर्म चाय पी। उनकी बातें कभी हल्की, कभी गहरी होती रहीं—जैसे दो पुराने दोस्त जो सालों बाद मिले हों।
जयपुर की गलियाँ, धूप, और उनकी बातें—सब मिलकर एक ऐसी कहानी बुन रहे थे, जो अभी शुरू ही हुई थी। लेकिन यह साफ था कि अनेरी और आर्यन, दो अलग-अलग दुनिया के लोग, अब एक-दूसरे की कहानी का हिस्सा बन चुके थे। गुलाबी शहर की दीवारें उनकी हँसी, उनके सवाल, और उनके अधूरे सच को चुपके से सुन रही थीं।
Synopsis – गुलाबी आसमां
“गुलाबी आसमां” एक संवाद-प्रधान प्रेम-कथा है, जो अकेलेपन, आधुनिक तकनीक, और रिश्तों की धुंध में दो आत्माओं आर्यन और अनेरी के बीच पनपती है।
आर्यन, जयपुर का एक संवेदनशील और अंतर्मुखी कलाकार है जो शब्दों से कहानियाँ बुनता है, और अनेरी, एक जिज्ञासु, तेज़ सोच वाली लड़की है जो कैफ़े की खिड़कियों से दुनिया को देखती है। दोनों की मुलाक़ात एक कैफे में होती है जहाँ सुन लो कहानी' नामक एक सोशल प्रोजेक्ट की शुरुआत होती है, जहाँ लोग अपनी असल ज़िंदगी की कहानियाँ, रिकॉर्ड करके दुनिया तक पहुँचाते हैं।
कहानी यहीं से मोड़ लेती है — जब संवादों की जगह अब साइबर-निगरानी, डेटा, और भावनात्मक हेर-फेर आने लगता है। एक सहज प्रेम अब डिजिटल उलझनों और अस्तित्व के सवालों में बदलने लगता है।किताब का दूसरा हिस्सा पहाड़ों में चला जाता है — जहाँ आर्यन खुद से और यादों से लड़ता है, और अनेरी को ढूंढता है... या शायद खुद को।
“गुलाबी आसमां” सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि एक यात्रा है — मौन के शब्दों, टेक्नोलॉजी की परछाइयों और उन जज़्बातों की जो कहे नहीं जाते।
PUBLISHING SYNOPSIS
Genre: Hindi Contemporary Fiction | Feminist Romance | Tech & Philosophy
Word Count: ~70,000 words (According to phrases)
Actual Word Count : 40,000 words (Acc to total words)
Estimated Print Length: 240–270 pages
Target Audience:
Young Adult (16–30 years)
Readers of romantic and purpose-driven fiction
Feminist & socially aware readers
Readers looking for emotionally intense
One-Line Pitch: What happens when a quiet कैफे boy and a mysterious digital rebel fall in love—and the love becomes a movement that survives even after death?
“a quiet cafe boy and a digital rebel fall in love—and the love becomes a movement”