Search..

गुरुवार, 28 सितंबर 2023

Dear LETTERBOX

*Dear Letterbox !

तुम वहीं हो न, जिसकी पापा ने बचपन से बहुत हाइप बना रखी थी! यहां वहां के ज़माने भर की यादें बटोरना, हफ्ते हफ्ते भर लंबा इंतजार और न जाने क्या-क्या ? 

मम्मा से शादी के लिए पापा की पहली तस्वीर भी तुम्ही ने जयपुर भेजी थी ना, फिर सगाई से शादी के बीच कुछ गिने चुने खत यहां वहां होते रहे! न जानें कितनी यादों ने अलमारी में पनाह ली ! और तो और मेरा भोपाल से जॉब का पहला रिजेक्शन तुम्हीं लाएं और कुछ वक्त की उदासी भी! बड़े भाई पंकज की पहली सरकारी नौकरी तुम्हारे सरकारी तहखाने जैसे दफ़्तर डाकघर में लगी और उसमे भी फिर लंबी चर्चा के बाद हमने तुमसे मुंह फेर लिया!! 

कुछ भी कहो हमारे इस बेवजह की भागदौड़ के जमाने में जहां सब कुछ फटाफट चाहिए लोगो को, वहां तुम धीरे-धीरे अच्छी याद जैसी बनके रह गए हो । सिर्फ रक्षाबंधन पर मान लो या कुछ रीति रिवाज़ में ; लगता है कि हां कुछ यादें चावल और राखियों के साथ खत भेजने का जिम्मा आज भी तुम्हारा ही है! अब या तो तुम बैंक के कागजात लाने भर जितने रह गए हो या ज्यादा से ज्यादा सरकारी काम काज के! माना कि तुम अब ठंडे पड़ चुके BSNL की तरह काफी शांत हो गए हो, शायद अच्छे बुरे से दूर ; लोगों की पुरानी यादों की महक को समेट कर खुद में ही धीरे-धीरे शायद लुप्त होते जा रहे हो। पर शायद कई बूढ़ी पथराती आंखे विडियो कॉल के मुकाबले आज भी तुम्हारी ही कहानियां सुनाती है।

वैसे फिक्र मत करना तुम्हारी जिम्मेदारियां ईमेल, व्हाट्सअप और कुछ  तकनीक ने भुनाकर भले ले लिया हो पर जो तुम अपने जमाने में जमाने भर की यादें लेकर आते थे, उस खत को पढ़ने का अपना ही चाव था!! जिसको नहीं भी लिखना आता,बस चवन्नी अठन्नी पैसे देकर किसी अपने से लिखवाते और अपना गुजारा कर लेते थे! सच मानो चैटिंग वाले जमाने में हम 10वीं 12वीं के बाद भी काफ़ी खत लिखकर भेजना पसंद करते थे, मेरे बहुत सारे स्टूडेंट जानते हैं मैंने उनको इस उम्र में भी ब्लैक एंड व्हाइट ज़माने जैसे खत भेजे हैं। अच्छा लगता है क्योंकि लोग मैसेज नहीं संभाल पाते स्क्रीनशॉट में लेकिन खत किसी न किसी अलमारी में आज भी मिल ही जाते है। सुनो! सच यहीं है कि रस्ते में जब कभी गुजरते हुए तुम्हे देखते है, ठहर जाते है मानो तुम भी इंतज़ार कर रहे हो किसी अपने के खत का...

तुम्हारे उन्हीं किशन बाबू जी का लड़का,
जय बाबू




सोमवार, 3 जुलाई 2023

आसमां में क्या ढूंढ रहे हो

यूं आधी रात को
छत पर अकेले 
आसमां में क्या ढूंढ रहे हो

कुछ खो गया है ? 
स्याह रात के काले अंधेरे में !! 

ओह, कहीं वो तुम ही तो नहीं
नहीं तुम कैसे हो सकते हो
तुम तो यहीं हो 
यहीं हो न वैसे सच में ?

फिर वो शख्स कहां गया
जो लंबे सफ़र पर 
खुद की मर्ज़ी से ही निकला
पर बीच रास्ते में कहीं रुक गया
ना आगे जा पा रहा
ना पीछे उल्टे कदम ले पा रहा

जो दिन की चौंधियाती रोशनी में तो
क्या गज़ब मुस्करा रहा है
रात के अंधेरे में घबरा रहा है
गला सूख गया है
आंखों में बैचेनी सी है
जोर से रोना आ भी रहा है
पर आंसु रास्ता नही दे रहे

जुगनू साथ जाग रहे है तुम्हारे
पर फिर भी अकेलापन
बगल में पसरा पड़ा है तुम्हारे
खाए जा रहा है
बस अन्दर ही अन्दर
खाएं ही जा रहा है

सुनो ! रुक जाओ ना
सही गलत का फैसला 
सुबह का सूरज
या 
रात का चांद 
थोड़े ना करता है 

ना ये करता है 
ना वो करता है 
ये तुम करते हो
हां तुम ! जो खो गए हो
तुम! जो अब भारी हो रहे हो
तुम! जो अपनी दुखती रग 
खुद ही दबा रहे हो
तुम! जिसके कंधे 
जिम्मेदारियों के तले
झुक गए है 
पर 
तुम ! वही तुम
जिसने पहला कदम बढ़ाया था
इस सफर में एक आस लेकर

तुम! वही तुम
जिसने वादा किया था खुद से 
कि पलट कर पीछे नहीं देखेंगे
अब जब सफ़र चुन ही लिया है 
तो आगे बढ़ते है ना !! 

रात कोई सयानी अपने 
काजल से ढक लेगी तुम्हे
तुम भी ढल जाओ ना
सोच-सोच कर रात जाया मत करो
गहरी नींद सो जाओ ना 

सुबह रोशनी की किरण आयेगी
तुम वक्त की लगाम छोड़ दो ना
रोशनी हर बार चमकता पल
तोहफे में देगी तुम्हे
मुस्कुराओ !!! 
आओ, गहरी नींद सो जाओ ना .


What We Do ?

हम आख़िर करते क्या है? 

ये क्या सीन है भई, माइक-स्पीकर लगाया और हर महीने कहीं भी भीड़ जमाकर शुरू हो जाते हो ... 

तो देखो!! 
ज़ाहिर सी बात है कि जैसे किसी भी इंसान के बारे में ज़्यादा जानने के लिए हम यही पूछते हैं कि “आप आख़िर करते क्या हो?” तो HeartSays के बारे में अगर सीधे बोलचाल की भाषा में बताया जाये तो यही है कि हम नवोदित अथवा उभरते हुए कलाकारों को एक मंच उपलब्ध करवाते हैं जहां से वो अपनी वोकल आर्ट को प्रदर्शित कर सकते हैं। (आर्ट का मतलब है, जितनी भी कलाएँ जो माइक में बोलकर प्रस्तुत की जाती है)

और हां! अगर हम कुछ शोध या psychology की माने तो एक कलाकार का व्यवहार तुलनात्मक रूप से थोड़ा कम commercial होता है और आज सोशल मीडिया और AI के युग में किसी कलाकार का व्यक्तिगत रूप से लोगों तक पहुँचना थोड़ा मुश्किल होता है, इसीलिए कलाकार को ऐसे लोगों की या प्लेटफार्म की ज़रूरत पड़ती है। heartsays इसी काम को एक बहुत ही सुलझे हुए तरीक़े से करता है। शहर भर में और भी कुछ Open Mic प्लेटफार्म है, आप दिल खोलकर कहीं भी शरीक हो सकते है। यहाँ Perform कर के आर्टिस्ट ख़ुद को पसंद करने वाली audience तक आसानी से पहुँच सकता है, और ना सिर्फ़ आर्टिस्ट बल्कि जहां भी Heartsays के show होते है, अपने आप उस venue ( Restaurant Or Cafe etc.) का Organic Promotion भी होता है।


बाबू भैया हम करते कैसे है ...
_______________________

टीम बनाई, सेटअप आस पास से जुगाड़ बिठाया और कोई भी अच्छी सी चारदीवारी देखकर सामने वाले से टाइअप करते है, छोटा-मोटा बजट लगाते है जहां कोई स्पॉन्सर मिला तो सोने पर सुहागा नहीं मिला तो जेब गर्म ! बस . कलाकर अपने आप जुड़ने लगते है और फिर काफ़िला कड़ी दर कड़ी जुड़ता जाता है ।


हमे क्या मिलता है ...
_______________

पहली सीधी सी बात, हमारा मोटिव 4 साल पहले इसी से शुरू हुआ था लोकल आर्टिस्ट्स को पहचान देने की जरूरत है तो क्यों न ज़रा सा चुटकी भर बीड़ा हम ही उठा ले! धीरे-धीरे टीम, मीडिया, शूट, एडिटिंग और प्रमोशन जैसे चीजों के लिए आर्थिक भार बढ़ने लगा तो Win-Win खेलते स्पॉन्सर से बिजनेस को बढ़ावा मिला। अब छोटे शहर से बड़े शहर तक आने में नेटवर्किंग बढ़ने लगी तो हम सब के पेशे में भी मैनपॉवर का इज़ाफा होने लगा, घुमा फिरा के चार अच्छी फोटो आने लगी और जरा सी वाहवाही लूट ली ... बस इत्ता ही जलेबी सा सीधा है हमारा काम !! 


हमसे Collab करने का क्या फायदा ?
____________________________

बस टाइमपास ? 
अरे नहीं रे बाबा ... सामने वाली पार्टी जो भी हो, Collaboration करने पर डायरेक्ट प्रमोट होती है और हमारी ओर से पूरी Manpower & Networking का फायदा उन्हे मिलता है। Flyer और Banners में नाम शामिल होने के साथ मीडिया में कवरेज, प्रिंट मीडिया और सोशल मीडिया प्रमोशन, हर आर्टिस्ट तक डायरेक्ट अप्रोच और सबसे जरूरी चीज़ एक इमोशनल कॉर्नर सेट होता है। इन सबके बदले हम कुछ लाज़मी चार्ज करते है , जहां स्पॉन्सर अपनी ओर से कोई एक सर्विस या पूरा इवेंट हमे स्पोंसर कर सकता है। उफ्फ !! ये लो एक सांस में बता दिया; दे ताली !! 


और कुछ जानना चाहते है .. ?
______________________

मस्त सी चाय पिलाने का बहाना लेकर बुला लीजिए और सवाल जवाब का पिटारा खोल लिजिए। किसी भी टाई अप के लिए सीधे नीचे दिए हुए फोन नंबर घुमा दीजिए, हम आपकी सेवा में तत्पर है कहकर कहीं न कहीं गेड़ी मारते हुए मिल जाएंगे ... 

Contact : 
+917733873009/
+917597688702

For Business Purpose: 
heartsaysofficial@gmail.com





गुरुवार, 22 जून 2023

कोई वजह तो लाज़मी होगी

सफ़र लंबा चुना है
उम्मीद तो होगी

यारी में इतने किस्से बुने है
कभी तो कहानी होगी 

तुम्हे लौटना न पड़े उल्टे पैर
कोई वजह तो लाज़मी होगी 

छांव और धूप तो बस पैमाने है
रास्तों में कहीं तो आह की फुरसत होगी

मंजिलों का नामोनिशान नहीं है दोस्त 
पर रोशनी की एक किरण तो होगी 

साथ न भी हो सफ़र तो गम नहीं
गुजरे लम्हों की तासीर तो होगी 

अरसा हुआ लफ्ज़ों का खेल खेले
बस कभी तो सिलसिलेवार बात होगी 

: शायराना साहिब 

शुक्रवार, 16 जून 2023

सुनो! तुम उदास हो न

सुनो! 
तुम उदास हो न 

चलो! मुस्कुराओ मत
बस मुझे सुन लो न

बीते हुए रिश्ते रह-रह के याद आते है
तो यूं किनारा करना बंद करो न 

किसी भी रिश्ते की मासुमियत
उसे दिये हुए वक्त की तासीर 
से शायद ना नापी जा सकें 

साथ बिताए हुए कुछ लम्हे या दिन
कब से मोहताज़ होने लगे
जो गहराई का कांटा माप सके

परखना ही है तो
किसी एक की अनुपस्थिति में
दूसरे शक्स की यादों में 
झांक कर हल्के से देखो

भीने भीनें ख्वाब और 
चुराये हुए लम्हों की इकाई देखो

देखो न तुम उन बातो की महक
वो सब सच्चे झूठे किस्से 
जिन्हें फिर से नहीं दुलारा गया
तो वक्त के साथ धूल जाएंगे 

छोटी छोटी खुशी
जो एक दूसरे के साथ तुमने बांटी
वो यादें वो बाते वो मुलाकाते 
ज़िन्दगी आज भी उन्ही 
पन्नो में तुम्हारा बेसब्री से
इंतजार कर रही है

मत नाप देना इन प्यारे रिश्तो को
बस किसी घिसे पीटे समय के पैमाने से
वक्त को वक्त दो रिश्ते में
उलझनो को सुलझने दो
भावनाओं को बहकने दो

माफ़ करो और जाने दो 
उन कड़वे लम्हों को
जो जाने अनजाने बस कल
एक टीस बनकर जहन में रह जाएंगे 

रिश्ते ताउम्र चले ना चले
तुम बस अपनी कोशिशें तो पूरी करो
शिद्दत से चाहा तो क्या पता
निभाया हुआ हर रिश्ता
तुम्हारी पलको पर सजाया
सपना जैसा मालूम हो
पर जल्दबाजी में लिए फैसले !!
जाने कल वो रिश्ता फिसलता हुआ
हाथ में भी हो न हो 

अभी जहां भी हो 
रुक जाओ
3... 2 ..1
थाम लो वो रिश्ता वो हाथ वो जज़्बात
जो तुम्हे दूर होने से घबराहट दे रहा हैं
गलतियां ढूंढना बंद करो
मन मुटाव को जरा हवा करो
करीब आने की वजह 
सब खतम लगने लगी हो
तो भी एक न एक
बस एक बहाना ढूंढ लो और
और
और ...
... फिर से एक हो जाओ ! 

याद रखना 
अच्छे रिश्ते फिर से बनने में 
एक पूरी जिंदगी निकल जाती है 
🥺

______________
✍️ शायराना जय
(16/6/23 ; 11:44 PM)

गुरुवार, 27 अप्रैल 2023

शहर से गांव तक का फासला

शहर से गांव तक का फासला
चंद घंटों और कुछ दूरी का नहीं होता

वो होता है समेटे पुराने और नए रिश्तों को
उलझते मुकाम और बदलते रस्तों को
सीले-सीले ख़्वाब जो सांस भरते थे
उनकी आह समेटने को

जो जगह किसी रोज अखरती थी
वो यादों से रिसने लगती है
जो घर कुछ कदम में सिमट जाता था
उसकी दहलीज गांव की दहलीज़ लगने लगती है

फ़र्क सिर्फ़ छोटे शहर या बड़े शहर का
नहीं होता मेरे हमराही
कोई इस ओर प्यार करता है
कोई उस ओर आसरा देता है
कोई एक आपके जीने की वजह होता है
तो दूसरा देता है वो ज़िंदगी जीने की इजाज़त

अच्छा है! कोई मानक नही
जो बता पाएं किसी एक को बेहतर
बस सालो से पलायन कर रहे लोग
उलझे रहते है रिश्तों और जेब खर्चे के बीच
पूछो कोई रोक कर तो रो देते है
जानें कैसे लोग इस द्वंद में जी लेते है


ख़्वाब और खयालात की इस दुनियां में
सब अपने भीतर छोटी सी दुनियां बसाएं रखते है
मिलता है बीच बचाकर सफ़र में समय
तो तन्हा कभी-कभी मुस्करा लेते है ये लोग
जाने कैसे आख़िर में सब ठीक ही बताते है
क्यों ही क़िस्मत का बस जोर आजमाते है

तेरा शहर मेरा शहर तो बस कोरी कल्पना है
हम सब आख़िर जीना कहां चाहते है?

शायद रहना बस एक ऐसे प्यारे शहर में
जहां मोहब्बत, तहज़ीब और ख़्वाब
इज्जत के तलबगार ना हो
जहां आदर्श पैमाने भले हो ना हो
पर इबादत और नेमत जैसे अल्फ़ाज मुकम्मल हो

हर रात एक ख्वाब पनाह लेता है साहिब
काश! एक शहर ऐसा भी हो
सोचता हूं आप सब भी क्या
मन ही मन चाहते होंगे 
हां! काश एक शहर ऐसा भी हो


बुधवार, 5 अप्रैल 2023

Will You Still Love me ?

कुछ किताबे आपकी आम दिनचर्या वाले सफ़र में आप सिर्फ़ इसलिए पढ़ रहे होते है कि चलो कुछ मसाला मार कर पढ़ लिया जाएं। उसी दौरान यकायक मालूम पड़ता है कि ये अचानक से आपको खींचकर एक ऐसे मोड़ पर ले आती है, जहां हम समझने लगें थे कि अब तो जिन्दगी के ये कच्ची उम्र के रिश्ते हम अच्छे से समझ गए है वहीं अचानक से विरोधाभास शुरू होता है और नई विचारधारा सामने आकर खड़ी हो जाती है। 

हम चाहकर भी मुकर नहीं पाते और लाचार महसूस करते है अपनी समझदारी को लेकर कि कितना कुछ देखना सुनना बाकी रह गया था। ऐसी ही कहानी है इस किताब की जिसका Glamourous टाइटल रखा है "Will You Still Love Me" बेशक इसमें लेखक रविन्द्र जी शुरुआत में इसे काफ़ी खींचा है जो ज़रा सा निरर्थक लगता है , लगभग 300 पेज़ की इस कहानी में आगे बढ़ते हुए कुछ नए फ्रेश डायलॉग पढ़ने को मिलते है बॉलीवुड जॉनर से परे पर ठीक-ठाक कहानी चल रही होती है। तभी धीरे धीरे आपकी उम्मीद से परे गाड़ी के seatbelt न बांधने जैसी छोटी सी चीज पर काफ़ी समय तक आपका ध्यान तक नहीं जाता, कहानी का मोड़ बदल जाता है और अच्छी खासी Love Story एक ट्रैजिडी का रुप ले लेती है!! अहम क़िरदार निभा रहे नायिका लावन्या और नायक राजवीर की आम सी कहानी में Guilt और Responisibilty का Mixture कहानी को आम से ख़ास बना देती है और हमारी आम दिनचर्या में से जोड़कर हमे कड़वा अहसास दिलाती है कैसे हम सब उसी कहानी के किरदार की तरह दूसरो की जिंदगियो से खेलकर भी खुद को सादगी का लिबास ओढ़ा देते है और गलतियों की धूल झाड़कर फिर से अगली गलती के लिए तैयार हो जाते है। सबसे जरुरी बात ; जो हम सोचकर ये किताब हाथ में उठाते है की बस एक Love Story ही तो होगी और क्या ? नहीं जनाब, ये कहानी एक पहल का इशारा करती है जिसने किताब खतम होने से पहले ही एक अभियान का रूप ले लिया और हमे इस किताब का सबसे Meaningful पार्ट लगा। 


सच यहीं है ऐसी किताब पढ़कर हम फिर से मानो खुद से खाली हो जाते है और दिलासा दे पाते है कमर बांधकर फिर से नए सफ़र पर धकेलने के लिए ... ये किताब हम सबको तो नही Recommend करेंगे पर जो कच्ची उम्र के पड़ाव में ठोकर खाकर उबर रहे है, उनके लिए Slow Healing Process का काम करेगी। हमारी प्यारी दोस्त का शुक्रिया ये किताब देने के लिए, अगली भेंट हमारी ओर से! बाकी आगे पढ़ने वालों को पर्सनली कहेंगे; मित्र ये मीठे ज़हर की तरह है फुरसत से पढ़िएगा , ज़रा धीरे धीरे ही असर करेगा .... 

✍️ : शायराना साहिब 

Easily Available on 
Amazon & Flipkart 

















शुक्रवार, 10 मार्च 2023

Say Sorry Na

जिस पर कभी हक जताना पसंद था
आज उस से दिल की
एक बात कहने से भी डरते हो ! 
मुहब्बत, दोस्ती या इबादत 
जो भी माना हो उसे 
कैसे एक बार बस एक बार
उसके सामने रोने से डरते हो !! 

चीजे, हालात, परिस्थितियां
माना नहीं है अब समय के साथ
कौनसा सब कुछ पहले सा करना है 
मन है तो वचन तोड़कर
एक बार कहकर
मरने से बचने के लिए
क्यों बार-बार रोज मरते हो !!

......
*Feel Free to Say Sorry
🙇🏻‍♂️🙇🏻‍♂️🙇🏻‍♂️🙇🏻‍♂️

सोमवार, 6 फ़रवरी 2023

कच्ची उम्र की इन गलियों में


मोहब्बत की इन गलियों में
फकीरी भी देखी 
नवाबी भी देखी
दिखी ना छोटी सोच
छुप छुपा के जब भी देखा
पलके बिछाए बालम 
आंखो से मुस्कराते देखी

फेरे किसी और के साथ
गुलछर्रे किसी और के साथ  
जैसी बात करते देखा है
देखा ना अकेली रातों में रोते
मजबूरी को सरे आम बाजार होते देखा है

जाति बिकी, मंडप सजा
प्यार को तड़प कर
किसी और का होता देखा है
फेरे लिए है तन से पवित्रता के
मन किसी और के सिरे होते देखा है

मोहब्बत की गलियां इतनी आम है
हर नुक्कड़ पर चाय की चुस्कियां भरते देखा है
परदे के पीछे जो भी होता हो
प्यार तो ऐसे ही निखरते देखा है

उठते है सवाल, होते है बवाल
हर मोड़ पर विचार टकराते देखे है
चुभती हुई धूप में होते होंगे
परिंदो में फासले
शाम को हर घोंसले में साथ सोते देखे है

हो अंजाम बुरे या भले
तकदीर में कभी मिलते तो 
कभी बिछड़ते देखा है
प्यार कब से मोहताज बना 
किसी पहचान का
मैने बिना रिश्ते ताउम्र निभाते देखा है 

प्यार जो झुके, दुनियां रुक जाए
मैने बगावत सरे आम होते देखा है
अंजाम कितने भी विध्वंसक हो
आख़िर में जीत का फनकार देखा है

गुजरो जो कभी इन मोहब्बत की गलियों से
ज़रा आहिस्ते चलना सनम, 
कच्ची उम्र के कई रिश्ते
मैने समय के साथ धीमी आंच पर ही पकते देखा है 
कारवां काफ़ी लम्बा है इन रिश्तों का
बिना चाहत की नुमाइश के
महफ़िल-ए-इश्क़ में फिरदौस देखा है



गुरुवार, 26 जनवरी 2023

इश्क़ की पैरवी

तुम्हे समझा समझा कर 
हर दफा खुद से बतलाकर 
इश्क़ की पैरवी करते हुए
खुद से बगावत कर बैठता है।

ये मन ये दिल ये जज़्बात
कितनी भी समझाइश करू इनसे
तुम्हें लेकर क्यों हर बार अटकता है

तुम बढ़ो न बढ़ो आगे
साथ थम जाया करो
गिने-चुने पल मिले हमारे रिश्ते को
कतरा कतरा रिसता है
समझाइश के चक्कर में
बेतरतीब दिनों का सिलसिला
मुट्ठी से बालू मिट्टी सा सरकता है 

सुनो!! 
प्यार करते है तुमसे
इसलिए मन रिश्ता सींचना चाहता है
खोना और खतम करना 
तो चुटकी में हो सकता है
'ताउम्र जीना चाहते है साथ'
इसलिए हर बार 
तुम्हारी हां की राह तकता है

समझदारी का तमगा नहीं 
दिल से जुड़ा रिश्ता चाहिए बस
तुम एक कदम बढ़ाओ तो सही
पूरा सफ़र साथ तय किया जा सकता है


गहरे पानी का ठहराव

जाने गहरा पानी कैसे किसी को
अपने पास खींच लेता है
हमे तो बस एक ठहराव दिखा 
जिससे ताउम्र भागते रहे हम

जानें किसी को यादों से निकलने में
जल्दी कैसे सहूलियत मिल जाती है
हमे तो अरसा बीत गया कचोटते हुए
जिसमें बेमतलब खोए रहे हम

जानें कैसे कोई लिखकर
आसानी से उलझने बयां कर देता है
हमे तो लाख मिन्नते करनी पड़ी
जिसकी जद्दोजहद में अभी भी तरस रहे हम 

जानें कैसे कोई रो देता है
और आसानी से हल्का हो जाता है
हमारी तो हिम्मत ना हो सब सहते हुए
जो नम आंखो में उम्मीद ढूंढ रहे हम

*जानें कैसे किसी को पानी बहुत पसंद है...


मैं क्षितिज तू आसमां मेरा

मेरे हमसफर
तुम भी खोजो
उस आसमां को
जहाँ अस्तित्व है तुम्हारा 
मैं भी खोजूं
उस जमीं को
जहाँ वजूद है मेरा
जुदा होकर भी
जहाँ मिलो, जब मिलो
मिलो ऐसे कि न कोई
शिकवा-शिकायत हो।

मिलो ऐसे कि
जुदाई में भी मिलने की आस हो
रूबरू रहे इस कदर कि 
अनुपम सुख का अहसास हो 

जिसके सहारे मैं खोज सकूं
अपनी खुद की एक अनंत राह 
जीने में भर सकूं पूरी जां 
बन सकी तो बनो ऐसा
जो हो अटल आत्मविश्वास मेरा
जिसे अपना कह सकूं
वो क्षितिज मेरा!


शनिवार, 7 जनवरी 2023

We Only Live Once

बेशक किताब के साधारण से नाम को देखकर एक बार हमारा जजमेंटल दिमाग भले सोच सकता है कि कोई आम सी कहानी होगी और क्या !! 

जबकि कहानी किसी शहर या देश के मुद्दे से ऊपर उठकर कला को निखारने के साथ ख्वाहिशों की दौड़ में उलझकर धीरे-धीरे सुलझने की है। भारत की सबसे खुबसूरत जगहों में से एक गोवा : नीले ख्वाबों का शहर! दो जवां धड़कते दिलो की कहानी, जो अपनी जिंदगी के अलग-अलग डार्क फेज से निकलकर गोवा के मशहूर रिकी बीच पर आ मिले, संजोग ऐसा बैठा की मस्ती-मस्ती में शुरू किया हुआ उनका काम उन्हे अपने जीने के मकसद की ओर खींचता चला गया, अब दोनों ही अपनी पुरानी जिंदगी में लौटने को तैयार नहीं थे। आज के समय की ही ताजा कहानी में सोशल मीडिया की चकाचोंध से परे खुद के लिए अलग दुनियां बनाना हमे एक बार के लिए ठहरने को कहता है।

ख्वाहिशों की कश्मकश में एक ने हमेशा के लिए अपनी जॉब छोड़ दी तो दूसरे ने अपना घर, किताब का सबसे रुचिकर हिस्सा वो रहा जो इन दोनों के बीच की जो डीप कन्वर्सेशन हुई , वह सच में हमें खुद से सवाल पूछने को मजबूर कर देती है कि क्या हम जिंदगी को सही मायने में अभी भी समझ पाए हैं या बस ऊपर ऊपर से ही जी रहे हैं। तो नए साल की पहले महीने में हमारी ओर से ये किताब आप सबके लिए Recommendation List में सबसे उपर रहेगी. करीबन 240 पन्नो की इस किताब में लेखिका ने जो जिन्दगी का दृश्य बयान किया है , इस तरह हमे प्रभावित कर देता है कि एक बार हम अपनी जिन्दगी के आइने में झांकने को मजबूर हो ही जाते है। खैर! आगे की कहानी आप खुद पढ़िए ; सभी को नया साल नई ख्वाहिशों की तलब के साथ मुबारक...

REVIEW : @shayrana_jai
ISBN : 9789-3909-14227

#bookreview2023 
#newyearresolution