फुटपाथ पर सोए हुए लोग
बेपर्दा किनारे पसरे हुए रहते हैं
ईमान को ज़रा पास सरका कर
एक पहर की रोटी की आस में
रात भर खुली आंखों से सोए रहते हैं
उम्मीदों में खोखलापन लिए
आंखों से गुजरी बेपरवाह नींद के साथ
बेमानी सा इंतजार करते हुए ये लोग
हमारे आस-पास दिखते रहते है
ना रात को सोने का ठिकाना है
ना सुबह की सुस्ती निकालने का
सूखी आंखों से बेवजह की जिंदगी
पलकों पर सुलगाते रहते है
ये जो फटे लिबास में दिखते है लोग
बड़े बेरहम होते हैं जिंदगी के प्रति
बेबसी स्वीकार नहीं करते कभी
पर मदद की हाथ की तलाश में रहते हैं
किसी पहर खाना ना भी नसीब हो
बीड़ी से सारी फिक्रे धुंए में उड़ा लिया करते हैं
दिन में एक भी निवाला ना गया हो गले से
तो बक्शीश में मिले चिल्लरो से
सस्ता गुटका पान गटक लिया करते है
तुमने देखे होंगे ऐसे कुछ लोग
जो जिंदगी की भाग दौड़ से टूटकर
सड़क किनारे बस मुट्ठी भींचकर
बेमतलब से पड़े रहते हैं
सिरहाने गुजरते हुए आवारा कुत्ते को भी
हौले हौले सहलाकर
बड़े प्यार से पनाह दे दिया करते हैं
दिमाग से पैदल कहे जाने वाले ये लोग
दिल बड़ा रखकर गजब काम किया करते हैं
फुटपाथ पर अधमरे से ये लोग
कंधों से जिम्मेदारियां उठाकर पटक देते हैं
एक तरफ चटककर अपने उलझे हुए से बाल
अंधेरे से उजाले की ओर
एक कदम और आगे बढ़ जाते हैं
किसी ने पागल कहकर फटकार दिया
तो किसी ने दो गाली दुत्कार कर!
ये छिछली हंसी हंसते है
और जानें क्या से क्या बुदबुदाते हुए
फिर आगे निकल जाया करते है
सुनो राही! तुम अगली बार जब गुजरो ना
इन फुटपाथ पर पड़े हुए लोगों के पास से
अपनी समय की डिब्बिया से
कुछ मिनट की तिल्लियां चुरा लेना
चाय-बिस्किट बढ़ाना इनकी ओर
और तसल्ली से पूछना इनकी कहानी
कोई वक्त का सताया हुआ
बंगले से झोपड़पट्टी में आ गया है
तो कोई बेगुनाह सालों जेल में सजा काट कर
जब छूटा अकेला अधेड़ उम्र में
तो सपने मारकर फुटपाथ को घर मान लिया है
कोई गरीबी के जाल में फंसा पड़ा है
तो कोई अस्पताल और सरकारी दवाइयों
के बीच झूल रहा है
किसी ने वक्त की खामोश पट्टी ओढ़ रखी होगी
तो कोई अपना कल निखारने की कोशिश में
वक्त से हारकर टूट गया है
पूछना हल्के से कंधे पर हाथ रखकर तुम
शायद बरसो से सूखी आंखे नम हो जाएं
अपना बेहाली का हाल बता कर
कोई एक उम्र गुजार कर बच्चों से पिटकर
घर छोड़कर किनारे पड़ा हुआ है
तो कोई गरीबी के थपेड़े खा-खाकर
बीमारी और अफसोस के साथ लेटा हुआ है
अगली दफा सड़क के बीच
कोई आदमी पीकर पड़ा हुआ दिखे
जिसके आस-पास मक्खियां
भिन्न-भिन्न कर रही हो
असहनीय गंध आ रही हो
बहती लार किरकिर सी लग रही हो
एक बार बस एक बार
उस पर हंसने या मुंह मोड़ने से पहले
उसके पर्दे के पीछे की कहानी सुन लेना
शायद कोई चार बेटियों को ब्याह कर
जमाने भर का कर्ज लेकर पड़ा है
किसी ने धोखा खाया रिश्तों में
कोई उधारी के अथाह कुएं में धंसा पड़ा है
तो शायद कोई गंभीर हादसा से त्रस्त होकर
खुद से दिन-रात लड़ रहा है
सुनो! संभाल ना सको गर
तो इन गिरे हुए लोगों को उठाने से पहले
अपनी गिरी हुई सोच उठा लेना
फुटपाथ पर पड़े हुए ये लोग
शायद दो-चार दिन जीकर गुजर जाए
पर इनका स्वाभिमान नशे में
फूटपाथ पर पत्थर से खरोचकर लिखे गए
शब्दों में मिटते-मिटते दिख जाएंगे
ख़ैर! तुम तो राही आगे बढ़ जाओगे
पर फुटपाथ पर पड़े लोगो का क्या?
ये वक्त की धारा में सदियों तक
जूझते-जूझते ऐसे ही पिछड़ते जाएंगे
और पिछड़ते चले जायेंगे।
✍️ शायराना जय
( Resources : Images are taken via Google 'n Content is self made. )
