Search..

शनिवार, 5 जून 2021

बारिश तपती दोपहर की

भरी दोपहर जब शहर के सब लोग 
अपने घर में दुबक जाएं 
हल्की बारिश होगी
मौसम बेईमान होगा
तुम करना एक फोन हमें बुलाने को 
एक फोन! हम से छुप कर उन गलियों में मिलने को 

देखना सखी ! 
झट से निकालेंगे हम अपनी साइकिल 
और बिना सांस लिए निकल पड़ेंगे तुम्हारी गली को 
देखो ना! बारिश के बाद मौसम कैसा ठंडा हो गया है
कम्पन छुड़ा देने वाली इस कड़क हवा में 
हमने सिर्फ एक पतली टीशर्ट पहनी है
पर सरसराती यह मदहोश हवा 
मुझे रोक रही है तुमसे मिलने को
हां! हांफते हुए पैरों से पैडल मारे जा रहे है
क्या करे जालिम ...
ये सांसे बस जी रही है एक झलक तुम्हें देखने को 


वो अली चाचा की दुकान की ओट से 
ले लिए हैं मैंने गरम पकोड़े तुम्हारे साथ खाने को 
हां! मेरी चप्पल थोड़ी टूटी हुई थी 
तो याद है तुम्हे पिछली बार दीदी की शादी में 
जो जूते लिए थे हल्के नीले कलर के
जल्दबाजी में वही जूते पहन आया तुमसे मिलने को


अरे ! गली में पानी इतना भर आया है 
कमबख्त घुटनों तक भीगा दिया मुझको
ये नए जुराब भी आज ही पहने थे सखी
पूरे भीग गए पानी में क्या करूं !!
अभी 15-20 मिनट दूर है तुम्हारा घर 
बेचैन सी नजरों से यहां-वहां अखियां तरेरी
लगता है ...
 मानो मचल रही हो इक गीत गाने को
 सड़क के दोनो ओर जो घने पेड़ लगे है
 वहां बैठी कोयल ने भी अपने सुर छेड दिए है 
 एक खुशनुमा माहौल बनाने को


 तभी एक मैसेज आता है तुम्हारा 
 कि तुम इंतजार कर रही हो तिराहे पर 
 उसी तिराहे पर ढाबे के पास 
 जहां अक्सर तुमसे गुफ्तगू होती है 
 जहां इस बड़ी सी दुनिया में 
 तेरी-मेरी छोटी सी दुनिया होती है 
 बातें होती है मुलाकात होती है 
 तुम अम्मा के हाथों से बने लड्डू ले आते हो 
 और हम , जो हाथ लगा ले आते
 जलेबी, पुचके, पकौड़े या कभी-कभी 
 आपकी पसंदीदा विक्स की ₹1 वाली गोलियां


आह! सोच-विचार के इन मखमली ख्यालों में 
जाने कब साइकिल की चैन उतर गई 
ऐसे ही गिरते-पड़ते बस पहुंचने वाला हूं 
एक मुलाकात एक नजर आपको निहारने को
बस पहुंच ही गया की इस आखिरी मोड़ के बाद
अगली गली में मेरा महकता गुलाब दिखने वाला है
धड़कन तेज़ और साइकिल धीरे होने लगती है 
सरसराती हवाये तेरी ओर मुझे धकेलने लगती है 
और बस कुछ सेकंड्स और... 
1...2....3...
वो बस अब मेरे सामने है !!


कमर से नीचे लंबे लहराते हुए उसके बाल
हल्के नीले रंग के दुपट्टे के साथ
लाल गहरे रंग का टॉप
 पैरों में आधी भीगती हुई चप्पल 
 जिसने अभी छप-छप कर भीगी सड़कों को 
 हमारी मुलाकात के इशारे दे दिए है
 तिराहे को जाने वाली पतली सी गली में
 दोनो ओर के छत की मुंडेर से 
 हल्की हल्की बूंदे बरस रही है
 जो जाने-अनजाने माहौल को और हसीन बना रही है 
 हाथों में कलाई पर बांधा बंधा लाल-पीला धागा 
 जो पहनाया था मैंने पिछले साल 
 मंदिर की दहलीज पर मुस्कुराते हुए 
 और ... और वह तेरी नन्हीं आंखें 
 जिन्हें देखते ही तेज धड़कती धड़कने थम जाती हैं


 साइकिल लगाई एक ओर सड़क पर
 यूं नजरों ने जब देखा ये हसीं आयाम
 बिखरी हमारे चेहरे पर भी एक मंद मुस्कान


बावरा सा समय हर बार बेवफा निकलता है 
पगला अगले कुछ मिनटों ठहर सा जाता है 
बढ़ता हूं उस खाली गली में 
तेरी ओर अरसे बाद जब इबादत को 
एकाएक लगता है पूरा शहर अचानक से 
बाहर निकल जाता है हमें घूरने को
जाने यह प्रेम भी कितने रंग भर के लाता है 
डर का खुशी का उत्सुकता तो कभी रोमांच का 
तुम बिना बोले बढ़ी मेरी ओर
बाहें खोलकर लगाया हमे सीने को
कुछ सेकंडो तो मानो तुमने थाम लिया हो 
कुछ हलचल मची है ख़ास इस कायनात में होने को


मैं, समझदार जनाब ! पल भर में 
सब समझदारी सिरहाने रख देता हूं 
एकटक देखता हूं कि
बारिश की गिरती बूंदे 
तुम्हारे बालों से होकर रास्ता बना रही थी 
शरीर में इक हसरत पूरी करने को
चेहरे पर आती जुल्फें जब हटाने लगी तुम
तो मैंने मना किया उन्हें यूं ही रहने को 
तुम्हारे चश्मे पर हल्की सी ओस जमने लगी 
हाथों से हटाया मैने तेरा चश्मा निकालकर
की निहारना था पलभर तेरी आंखों को
तुम ठहरी रही कि मालूम था तुम्हे 
कि आपके जनाब को दीदार ऐसे ही पसंद है 
नजरों के हेर-फेर में तुम मुस्कुरा दी 
मैंने धीरे से तुम्हारी कमर से होते हुए 
बाल लिए हाथों में यूं महसूस करने को कि 
मानो छु पाऊं समंदर के किनारे बहती लहरों को


तारीफ करना कभी नहीं आया मुझे 
पर तुम बिना कहीं समझ जाती इशारों को 
अरे नहीं! घड़ी की टिक-टिक और
बारिश की टिप-टिप याद दिला रही थी 
अब हमें दूर जाने को 
भरा तुम्हे एक बार फिर अपनी बाहों में 
और एक गहरी सांस लेकर तुम्हे 
जाते देखता रहा गली के आखिरी मोड़ तक 
नजरो से ओझल होने को !!
भीगी हुई सड़क पर तुम्हारे साथ 
पानी में बनी तुम्हारी परछाई भी
मानो दूर जा रही थी हमसे विदा लेने को 

उफ्फ ... आख़िर में
पकड़ी साइकिल और धीरे-धीरे-धीरे लौट आया 
मंद होती हुई बारिश में अपने घर को !! 


________________
✍️शायराना साहिब 

1 टिप्पणी:

Hearitly Invited your Lovely Feedback !