Search..

गुरुवार, 4 सितंबर 2025

शादी? या सिर्फ़ साथ होना काफ़ी है?

पहाड़ की ठंडी शाम थी, और दोनों दिनभर की थकान के बाद अब एक गरम कंबल में, चाय के कप के साथ बैठे थे। आर्यन ने चाय का एक सिप लिया और अचानक पूछा:

“तेरे हिसाब से… हम दोनों शादी क्यों नहीं कर सकते?”


यूं तो ये सवाल आर्यन पहले भी कईं बार कर चुका था पर अनेरी टॉपिक ही बदल देती थी। इस बार अनेरी ने सोचा, अच्छे से चलो, आज इस पर बात कर ही लेते है! 



अनेरी ने मुस्कराते हुए देखा:

“अच्छा! शादी क्यों करना चाहते हो?”


आर्यन थोड़ा झिझककर बोला:

“क्योंकि... समाज में एक लड़का और लड़की अगर साथ रहना चाहें तो शादी करनी जरुरी है  — लोग तभी मानते हैं।”


अनेरी हँसी। उसकी हँसी तेज़ नहीं थी, बस उतनी ही हल्की जितनी उसके जवाब देने की लय :


“देख आर्यन! समाज को हमेशा मंज़ूरी चाहिए…

और प्यार को बस सच्चाई।

शादी एक पेपर होती है, अप्रूवल नहीं।”


“पर फैमिली का क्या? वो तो यही समझेंगे कि हमने कुछ गलत किया…”


“फैमिली वही होती है जो तेरी आज़ादी को समझे!

मैं माँ-बाप से डर कर नहीं,

उन्हें प्यार से समझाकर साथ रहना चाहती हूँ।”


आर्यन अब थोड़ा लड़ने वाले अंदाज़ में आया:

“और अगर हम बच्चे करना चाहें तो?

बिना शादी सोसाइटी हमे स्वीकार नहीं करेगी।”


अनेरी ने बहुत धीमे लहज़े में कहा:

“यार सुन! वेस्टर्न कल्चर में लव, पेरेंटिंग, और रिस्पेक्ट
तीनों शादी से नहीं, अंडरस्टैंडिंग से तय होते हैं।
मैं वो माँ बनना चाहती हूँ

जो बच्चे को ये सिखा सके कि उसका अस्तित्व
किसी सोशल टैग की मोहताज नहीं।”


आर्यन कुछ देर चुप रहा। फिर मुस्कुराया:

“तेरे पास हर बात का इतना अच्छा जवाब कैसे होता है यार?”


अनेरी मुस्कराई,

“शायद इसलिए कि मैं हर जवाब से पहले तुझसे प्यार करती हूँ — लड़ाई नहीं।”


आर्यन हँस पड़ा,

“तू चीज़ क्या है मेरी जान ?

हर जवाब सीधा, और फिर भी कुछ अधूरा।

तुझसे तो कोई बहस में जीत ही नहीं सकता।”


अनेरी ने उसकी हथेली थामी:

“और तुझसे बहस करने का मकसद जीतना नहीं होता…

बस ये यकीन दिलाना होता है कि मैं तेरे बराबर हूँ —

और साथ चलना जानती हूँ।”


अनेरी ने कहा:

“मुझे शादी से डर नहीं है,

मुझे डर है उस वर्जन से जो लोग शादी को बना देते हैं।”


“मतलब?”


“मतलब देखो न… शादी में लोग उम्मीदें नहीं,

चेक लिस्ट लेकर आते हैं।

'अब तुम ये करो… अब ये मत करो… अब ये पहन लो, अब ये छोड़ दो।'

मुझे डर है कि हमारा प्यार भी एक चेक बॉक्स बनकर ना रह जाए।”


आर्यन चुप था।

थोड़ी बहुत चाय भी ठंडी हो गई थी।


“तो तू क्या चाहती है?

हम बस ऐसे ही रहें? बिना किसी नाम के?”


“नाम की ज़रूरत नहीं होती रिश्ते को निभाने के लिए।

ज़रूरत होती है हर रोज़

उठकर ये कहने की —

'मैं आज भी तेरे साथ हूँ,

बिना किसी मजबूरी के।'”


“तू सही है…

पर क्या मैं कभी इतना निडर हो पाऊँगा जितनी तू है?”


“तेरे डर को मैं कमज़ोरी नहीं,

तेरे प्यार की गहराई मानती हूँ।

और मुझे तुझसे सिर्फ़ साथ चाहिए…

वो चाहे नाम के साथ हो, या बस तेरे नाम के बगैर।”


आर्यन की आँखें नम हो आईं।

अनेरी ने उसे देखा तो हलकी सी मुस्करा दी और बोली,

“अरे यार! तू हमेशा ड्रैमेटिक क्यों हो जाता है?”


आर्यन ने धीरे से मानो खुद को चुप करवाते हुए कहा,

“तो क्या करूं यार? क्योंकि तुझसे रोमांस भी तो लॉजिक के साथ करना पड़ता है।”


दोनों हँस पड़े।


आर्यन अब भी चुप बैठा था, उसको सही सवाल ही नहीं मिल रहा था जो सलीके से पूछ सके! उसकी उंगलियाँ अनेरी की हथेली पर थीं, पर आँखें… उसके लफ़्ज़ों की तहों में उतर चुकी थीं।


अनेरी ने धीमे से कहा:


“तू जानता है ‘The Forty Rules of Love’ में क्या लिखा है?”

आर्यन ने सिर हिलाया —

“नहीं, पर बता ना…”


अनेरी मुस्कुराई,

उसकी आँखों में धुआँ नहीं था — एक उजास था।


“शम्स तबरेज़ ने एक नियम में लिखा —

‘असली प्यार वो होता है, जिसमें इंसान बंधन से नहीं, खुद से आज़ाद होता है।’

रिश्ते में लोग बन्धना नहीं जुडना सीखे!

और शादी अगर तुझे आज़ादी दे, तो कर…

पर अगर वो सिर्फ़ अप्रूवल की जेल है,

तो दो परिवारों को परेशान करने का कोई मतलब नहीं ”


आर्यन ने थोड़ी देर बाद फिर पूछा,

"पर सच बता…

क्या तुझे कभी नहीं लगता कि नाम ज़रूरी है?

कभी बच्चों के स्कूल फॉर्म में, 

कभी रिश्तेदारों की जुबान में...

कभी समाज की उस नज़र में, 

जो बिना सिंदूर के एक औरत को 'अधूरी' मान लेती है?"


अनेरी ने खिड़की की तरफ देखा — 

बाहर धुंध में डलहौजी की सड़कों पर पीली बत्तियाँ टिमटिमा रही थीं।


"नाम ज़रूरी होता है…

पर अगर वो सिर्फ़ इसलिए ज़रूरी हो,

कि लोग चुप रहें —

तो वो नाम मेरा नहीं, उनका है।

मैं वो रिश्ता नहीं चाहती

जिसमें मैं बस एक 'प्रूफ ऑफ एग्ज़िस्टेंस' बन जाऊँ।"


आर्यन कुछ देर खामोश रहा।


"तो मैं क्या बन कर रहूं ताउम्र तेरे साथ?

कोई live-in partner? 

Just boyfriend? 

या कुछ और?"


अनेरी ने उसकी आँखों में झाँकते हुए कहा,

"तू वो बन ना— 

जो जब मैं बीमार पड़ूँ, तो मेरे माथे पर हाथ रखे।

जब मैं चुप हो जाऊँ, तो मुझे सुन सके।

जिसके साथ मैं पूरी उम्र किताबें बाँट सकूँ…

और सुबह उठते ही जिसे देखकर लगे — 

हाँ, आज फिर जीने का मन है।"


आर्यन ने थोड़ा झुंझलाते हुए कहा,

"ये बातें तो ठीक हैं… पर प्रैक्टिकली?

चल ! तेरे तरीके से बात करे तो

अगर कल को तू हॉस्पिटल में हो, 

और मुझे अंदर तक आने की इजाज़त न हो 

क्योंकि मैं सिर्फ 'so called boyfriend' हूँ?"


अनेरी हल्के से हँसी,

"तो कर लेना मेरी मम्मी को कॉल — 

वो कहेंगी, 'आर्यन ही उसका सब कुछ है।'

या हॉस्पिटल के सामने धरना दे देना —

तू तो वैसे भी ड्रामा बहुत करता है।"


आर्यन इस बार हंसा नहीं !!


"यार अनेरी…

मुझे डर है

कभी-कभी लगता है 

शादी सिर्फ़ एक प्रोमिस नहीं, एक सेफ्टी नेट है…

कि जब प्यार डगमगाए, तब भी हम टूटें नहीं।"


अनेरी ने उसका हाथ पकड़ा और बहुत धीमे से बोली


"और मुझे लगता है कि अगर दो लोग 

सिर्फ़ एक कागज़ के दम पर साथ हैं,

तो वो साथ नहीं — मजबूरी है।

मुझे शादी से इंकार नहीं…

पर मैं शादी को सेलिब्रेशन समझती हूँ —

अप्रूवल नहीं।"


आर्यन अब गम्भीर हो गया।

"और अगर मैं शादी चाहता हूँ — 

पूरे रीति-रिवाज़ों के साथ?"


"तो कर लेंगे, 

जब लगे कि वो सिर्फ़ रस्म नहीं, 

हमारी आज़ादी का उत्सव है।

मुझे घूंघट नहीं चाहिए…

पर अगर मैं दुल्हन बनूँ —

तो मेरे शादी के जोड़े में जेब होनी चाहिए, 

जिसमें मैं अपना पसंदीदा पेन और एक किताब रख सकूँ।"


आर्यन मुस्कराया —

"बस! और क्या चाहिए तुझे अपने शादी में?"


"बस तू…

तेरा नाम नहीं, पर तेरा होना

हर लम्हा, हर सुबह।

बाक़ी सब तो शोर है, जो बाद में फेड हो जाएगा।"


आर्यन अब कुछ नहीं बोला।

उसने चुपचाप अनेरी की हथेली अपने सीने से लगा ली —

जैसे उसने कोई वादा बिना कहे निभाने की कसमें खा ली हों।


उस रात डलहौजी की हवा में

मोहब्बत का एक नया अध्याय लिखा गया —

जिसमें शादी कोई अंत नहीं,

एक और शुरुआत थी।


आर्यन उसे बस देखता रहा…

जैसे किसी बहते हुए झरने को सुन रहा हो।


फिर बातों का सिलसिला थोड़ा थम गया

वक़्त की रफ़्तार थोड़ी धीमी हुई

और दोनों चुपचाप उसी खिड़की के पास सो गए

जहाँ से देवदारों की सरसराहट सुनाई देती थी।


रात बिल्कुल साफ़ थी —

ना बादल, ना डर,

बस दो थके हुए लोग…

जो पहली बार बिना किसी नाम, 

बिना किसी वादे के सिर्फ़ साथ में थे।


कभी-कभी ऐसी शांत रातें मिलना भी 

किसी-किसी के ही नसीब में होती हैं।



✍️: जय वाधवानी 



"अनेरी"

जय वाधवानी 

Contact 9664428370

jaiwrites3682@gmail.com



About : 

"अनेरी " एक ऐसी कहानी है, जो जयपूर की गुलाबी दीवारों से निकलकर पहाड़ों की शांत घाटियों तक जाती है। यह अनेरी और आर्यन की कहानी है—दो अनजान दिल, जो एक छोटे से कैफे की खिड़की के पास मिलते हैं! अनेरी, एक टेक्निकल रॉबिनहुड, जो चुपके से डिजिटल दुनिया को बदलने में लगी है और वृद्धाश्रमों की अनसुनी आवाज़ों को गले लगाती है। दूसरी ओर आर्यन, एक कैफे चलाता है , जो अपनी ज़िन्दगी में कंफ्यूज है पर अनेरी से मिलकर उसके सपनों में अपना मकसद ढूंढ लेता है।



📩 मुझे लिखिए -

Instagram: @jaiwithflow

Email: jaiwrites3682@gmail.com




PUBLISHING SYNOPSIS 

Genre: Hindi Contemporary Fiction | Feminist Romance | Tech & Philosophy

Word Count: ~70,000 words  (According to phrases)

Actual Word Count : 40,000 words (Acc to total words)

Estimated Print Length: 240–270 pages

Target Audience:

Young Adult (16–30 years)

Readers of romantic and purpose-driven fiction

Feminist & socially aware readers

Readers looking for emotionally intense


In photo : Featured Profile Anjali

One-Line Pitch: What happens when a quiet कैफे boy and a mysterious digital rebel fall in love—and the love becomes a movement that survives even after death?


“a quiet cafe boy and a digital rebel fall in love—and the love becomes a movement”






कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Hearitly Invited your Lovely Feedback !